यूनिटी मेटा टोकन और बीड क्वाइन में भारी मुनाफे का दिया था लालच, ओडिशा के युवक ने निवेश के लिए बेच दिया था खेत; तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर

डिजिटल टोकन में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी
रायगढ़, 19 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय करेंसी और डिजिटल टोकन में निवेश कर कम समय में भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर 11 लाख 60 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी करने के मामले में रायगढ़ साइबर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने यूनिटी मेटा टोकन और बीड क्वाइन में निवेश के नाम पर ओडिशा निवासी युवक से रकम ली थी। निवेश के बाद न तो उसे मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस की गई।
मामले में थाना साइबर, रायगढ़ में अपराध क्रमांक 16/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
खेत बेचकर निवेश किए थे 11.60 लाख रुपये
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता विक्रम परिडा (26), निवासी जिला गंजाम, ओडिशा, वर्तमान में रायगढ़ के चक्रधरनगर क्षेत्र में रहता है। उसने शिकायत में बताया कि वर्ष 2024 में उसकी पहचान गजुला मोहन से हुई थी, जो चक्रधरनगर क्षेत्र में एक फास्ट फूड दुकान में कुक का काम करता था।
आरोप है कि गजुला मोहन ने यूनिटी मेटा टोकन और बीड क्वाइन में निवेश कर लाभ कमाने की बात कही और शिकायतकर्ता को भी अधिक मुनाफे का लालच दिया। उसकी बातों पर भरोसा कर विक्रम ने अपना खेत बेच दिया और 25 जुलाई 2024 से 3 सितंबर 2024 के बीच कुल 11 लाख 60 हजार रुपये निवेश कर दिए।
बैंक खातों के जरिए रकम का लेन-देन
पुलिस के मुताबिक, रकम प्राप्त करने के लिए चंदन दास के माध्यम से बीड क्वाइन से जुड़े काम करने वाले भावेष पटेल के बैंक खाते का उपयोग किया गया। निवेश के बाद शिकायतकर्ता को कोई लाभ नहीं मिला। बार-बार मांगने के बावजूद रकम वापस नहीं किए जाने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित बैंक खातों के स्टेटमेंट हासिल कर उनका अवलोकन किया। पुलिस का कहना है कि बैंक खातों में शिकायतकर्ता और आरोपियों के बीच रकम के लेन-देन से संबंधित जानकारी मिली है।
मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हुआ था मामला
जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी गजुला मोहन के खिलाफ वर्ष 2025 में चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी से जुड़ा एक अन्य मामला दर्ज हुआ था। पुलिस के अनुसार, उस मामले में विवेकानंद राउत, देवेंद्र महापात्रे और शरद जैन से संबंधित शिकायत की जांच की गई थी।
पुलिस वर्तमान मामले में आरोपियों की भूमिका के साथ पुराने प्रकरण से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।
ओडिशा और मुंबई तक संपर्क की जांच
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार की है। आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर जांच में शामिल किए गए हैं।
पुलिस को मुख्य आरोपी के ओडिशा और मुंबई में संपर्क होने तथा रकम आगे अन्य लोगों तक भेजे जाने से संबंधित जानकारी भी मिली है। इस पहलू की जांच की जा रही है, ताकि कथित ठगी में शामिल अन्य लोगों और रकम के पूरे लेन-देन का पता लगाया जा सके।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
- गजुला मोहन (45) — मूल निवासी जिला गंजाम, ओडिशा; वर्तमान निवासी संजय नगर, चक्रधरनगर, रायगढ़।
- चंदन दास (33) — मूल निवासी जगतसिंहपुर, ओडिशा; वर्तमान निवासी चक्रधरनगर क्षेत्र, रायगढ़।
- भावेष पटेल (28) — निवासी कारीछापर, थाना पुसौर, जिला रायगढ़।
पुलिस ने बताया कि मामले के खुलासे में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक सहित साइबर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी की अपील: निवेश से पहले करें जांच
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि डिजिटल करेंसी, क्रिप्टो टोकन या किसी भी ऑनलाइन निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता और संबंधित संस्था की विश्वसनीयता की जांच करें। कम समय में रकम दोगुनी करने या असाधारण मुनाफे के वादों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।
उन्होंने कहा कि वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
ये भी पढ़े….. बस्तर दशहरा: 618 साल पुरानी परंपरा के तहत दंतेवाड़ा से रवाना हुईं मां दंतेश्वरी की डोली, फूल रथ का पहिया टूटने पर विवाद
रायगढ़
- रायगढ़ पुलिस की दो जुआ फड़ों पर एक साथ दबिश, 29 जुआरी गिरफ्तार; 9 लाख रुपये से अधिक नकद जब्त

- रायगढ़ में दो बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश, 10 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल बरामद; 8 आरोपी गिरफ्तार

- रायगढ़ के डॉक्टर से 34.17 लाख की साइबर ठगी, इंदौर से गिरोह का एक और आरोपी गिरफ्तार

- रायगढ़ में 5 टन लोहे के क्वायल की हेराफेरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 5 लाख का माल बरामद

- रायगढ़ में आयुष स्वास्थ्य मेले में 635 मरीजों का निःशुल्क उपचार, 105 लोगों की हुई रक्त जांच

- रायगढ़ में 24.620 टन कोयले की हेराफेरी करने वाला ट्रक चालक बिहार से गिरफ्तार, 10 लाख का ट्रक जब्त

- रायगढ़ में 47 ग्राम अफीम के साथ युवक गिरफ्तार, 8 लाख की ब्रेजा कार जब्त

- रायगढ़: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, 24 घंटे में भेजा गया जेल

- रायगढ़ के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास युवक की हत्या का खुलासा, एक युवक और चार नाबालिग अभिरक्षा में

