बाढ़ आपदा के दौरान त्वरित राहत-बचाव और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर मंथन, 20 अगस्त को होगी राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज

नवा रायपुर, 18 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा से निपटने और संभावित परिस्थितियों में जान-माल की क्षति को न्यूनतम रखने के लिए राज्य स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में आज मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों और आपदा राहत-बचाव से जुड़ी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित निर्णय और प्रभावी राहत व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तक समय पर पहुंचेगी मदद
टेबल टॉप एक्सरसाइज के दौरान बाढ़ की संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पूर्व चेतावनी एवं सूचना प्रणाली, बाढ़ प्रबंधन, राहत एवं बचाव की रणनीति और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई।
मौसम विज्ञान विभाग और जल संसाधन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मौसम तथा जल स्तर से संबंधित पूर्वानुमानों के आधार पर समय पर चेतावनी जारी करने पर जोर दिया गया। डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों के गांवों को पहले से सचेत करने के लिए निगरानी, चेतावनी और सार्वजनिक सूचना प्रणाली को प्रभावी बनाने पर भी मंथन हुआ।
फील्ड कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी की स्पष्ट जानकारी जरूरी
बैठक में सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन श्रीमती शम्मी आबिदी ने कहा कि आपदा की स्थिति में फील्ड स्तर पर कार्य करने वाले सभी कर्मचारियों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों की स्पष्ट जानकारी होना जरूरी है।
उन्होंने विभागों के बीच समन्वय में किसी भी तरह की कमी या गैप को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी भूमिका को स्पष्ट रूप से समझते हुए प्रभावी ढंग से कार्य करे, ताकि आपदा के समय त्वरित निर्णय लिए जा सकें और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके।
NDRF, SDRF और बचाव दलों के बीच समन्वय पर जोर
बाढ़ की स्थिति में NDRF, SDRF, नगर सेना, होमगार्ड और अन्य बचाव दलों की त्वरित तैनाती और आपसी समन्वय को लेकर भी चर्चा की गई। एनडीआरएफ के अधिकारियों ने बाढ़ आपदा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश और जरूरी जानकारी साझा की।
इसके अलावा राहत कैंपों की व्यवस्था, बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं और मेडिकल टीम की तैयारियों पर भी विस्तार से जानकारी ली गई।
20 अगस्त को होगी राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 20 अगस्त को राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश के सभी जिलों के अधिकारी शामिल होंगे।
मॉक एक्सरसाइज के दौरान संभावित बाढ़ की परिस्थितियों के आधार पर विभिन्न विभागों और एजेंसियों की वास्तविक कार्यप्रणाली, सूचना के आदान-प्रदान और राहत-बचाव व्यवस्था का अभ्यास किया जाएगा।
कई विभागों और एजेंसियों की भूमिका पर चर्चा
बैठक में जल संसाधन, स्वास्थ्य, दूरसंचार, पशुपालन और लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों की आपदा के दौरान भूमिका पर चर्चा हुई। इसके साथ ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, SDRF, NDRF, होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा, NCC, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स और आपदा मित्र की उपलब्धता तथा त्वरित कार्रवाई से जुड़े पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
टेबल टॉप एक्सरसाइज के जरिए बाढ़ के दौरान सूचना के त्वरित आदान-प्रदान, संसाधनों के प्रभावी उपयोग, राहत एवं बचाव दलों की तैनाती और प्रभावित क्षेत्रों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने की कार्यप्रणाली पर मंथन किया गया।
आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और मजबूत करने का लक्ष्य
इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ की आपदा पूर्व तैयारियों को मजबूत करना, विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल विकसित करना तथा बाढ़ की स्थिति में समयबद्ध और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से किया गया।
बैठक में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली के वरिष्ठ सलाहकार श्री रविंद्र गुरुंग, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. जीवन कुमार, सीआईएफ के वरिष्ठ पर्यवेक्षक श्री गजेंद्र पाठक, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के उप सचिव श्री गजेन्द्र ठाकुर सहित विभिन्न विभागों, NDRF, SDRF, सेना, होमगार्ड और नगर सेना के अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के जिलों के आपदा प्रबंधन सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
देश प्रहरी न्यूज़ यूट्यूब चैनल भी देखे …..
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान के तहत जांजगीर-चांपा में 79 बालिका शौचालय स्वीकृत
- आज का राशिफल — 25 अगस्त 2026, मंगलवार
- भालूपखना जंगल में जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश, 8 जुआरी गिरफ्तार; 11,400 रुपये नकद जब्त
- चक्रधर समारोह 2026 में दिखेगा कला और संस्कृति का भव्य संगम, 10 दिनों में होंगी 42 प्रस्तुतियां
- साप्ताहिक बाजार में शराब के नशे में तीन लोगों पर ब्लेड से हमला, आरोपी गिरफ्तार
