ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कोतरारोड़ पुलिस की कार्रवाई, पहले 1.20 करोड़ की संपत्ति जब्त कर 3 आरोपियों को भेजा गया था जेल

रायगढ़, 4 सितंबर। J.S.P.L. कंपनी के डम्प यार्ड से लोहे के वेस्ट मटेरियल चोरी के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी अजीज खान को कोतरारोड़ पुलिस ने “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को रायपुर से हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया और पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार अजीज खान निवासी सिलतरा, रायपुर की इस मामले में चोरी किए गए लोहे के वेस्ट मटेरियल की खरीद-बिक्री और पूरी घटना में संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
नवंबर 2025 में हुआ था संगठित चोरी गिरोह का खुलासा
रायगढ़ पुलिस ने नवंबर 2025 में J.S.P.L. कंपनी के डम्प यार्ड से लोहे का वेस्ट मटेरियल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
आरोपियों के कब्जे से दो ट्रेलर वाहन, तीन मोबाइल फोन और करीब 3,600 किलोग्राम लोहे का वेस्ट मटेरियल बरामद किया गया था। पुलिस के अनुसार जब्त संपत्ति का कुल मूल्य करीब 1 करोड़ 20 लाख 36 हजार 600 रुपये था।
1 नवंबर को दर्ज हुई थी शिकायत
जिंदल स्टील लिमिटेड पतरापाली रायगढ़ के महाप्रबंधक (जनसंपर्क) हेमंत वर्मा ने 1 नवंबर 2025 को कोतरारोड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के मुताबिक ग्राम कलमी स्थित कंपनी के डम्प यार्ड में एक्रिशन यानी लोहे का वेस्ट मटेरियल रखा गया था। 26 अक्टूबर को यार्ड की जांच के दौरान सामान सुरक्षित था, लेकिन 1 नवंबर को दोबारा जांच करने पर बड़ी मात्रा में वेस्ट मटेरियल गायब मिला।
इसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 446/2025 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
दो ट्रेलर से मिला था 3,600 किलो स्क्रैप
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी बीच सूचना मिली कि एनएच-49 के किनारे रायगढ़ शहर में दो ट्रेलर खड़े हैं, जिनमें लोहे का स्क्रैप लोड है।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक ट्रेलर में तीन व्यक्ति बातचीत करते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम कुशलराम यादव, शंभू यादव और लक्की कंवर बताया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में तीनों ने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने शंभू यादव के कब्जे से ट्रेलर क्रमांक CG-10-BT-1044, उसमें लोड 1,500 किलो एक्रिशन और मोबाइल बरामद किया। वहीं कुशलराम यादव के कब्जे से ट्रेलर क्रमांक CG-10-BC-5505, 2,100 किलो एक्रिशन और मोबाइल जब्त किया गया। लक्की कंवर से भी मोबाइल बरामद किया गया।
पूछताछ में सामने आया अजीज खान का नाम
पुलिस के अनुसार मामले में गिरफ्तार ट्रेलर चालक कुशलराम यादव से पूछताछ के दौरान अजीज खान का नाम सामने आया।
पुलिस को दिए बयान के मुताबिक कुशलराम को कोरबा के दीपका से कोयला लेकर रायगढ़ के शरडा एनर्जी में खाली करने के बाद अजीज खान का फोन आया था। इसके बाद उसे जिंदल के कलमी स्थित डम्प यार्ड में बुलाया गया था।
पुलिस के मुताबिक 1 नवंबर 2025 की सुबह कुशलराम ट्रेलर लेकर यार्ड पहुंचा, जहां एक अन्य ट्रेलर चालक शंभू यादव भी मौजूद था। आरोप है कि दोनों अजीज खान के कहने पर लोहे का वेस्ट मटेरियल लेने पहुंचे थे।
रायपुर से हिरासत में लेकर रायगढ़ लाई पुलिस
जांच के दौरान अजीज खान की कथित भूमिका सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस टीम को उसकी लोकेशन रायपुर में मिली, जिसके बाद 2 सितंबर 2026 को उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर और स्टाफ ने उसे रायपुर से हिरासत में लिया।
आरोपी की पहचान अजीज खान पिता जफरुद्दीन खान, उम्र 32 वर्ष, निवासी सिलतरा-सांकरा, मकान नंबर 210, थाना सिलतरा, जिला रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में अजीज खान ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में कोतरारोड़ पुलिस इस मामले को संगठित चोरी गिरोह से जोड़कर जांच कर रही थी। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
अजीज खान की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य सिंह, उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर, प्रधान आरक्षक राधेश्याम कमल और आरक्षक चन्द्रेश पाण्डेय की अहम भूमिका रही।
इसे भी पढ़े…..
जन्माष्टमी पर रायगढ़ में बदलेगा ट्रैफिक रूट, 2 से 6 सितंबर तक एकांगी मार्ग व्यवस्था; जानें डायवर्सन और पार्किंग की पूरी जानकारी
कृपया मेरे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करे : धन्यवाद…
इसे भी पढ़े…..
- राजनांदगांव के स्कूल में आखिर क्या हुआ? छात्रा की शिकायत पर शिक्षक गिरफ्तार, दूसरे आरोपी की तलाश

- रायपुर से विशाखापट्टनम का सफर बदलेगा? 465 किमी का नया कॉरिडोर खोल देगा विकास का रास्ता

- शिक्षक दिवस पर छत्तीसगढ़ में बड़ा सम्मान, 63 शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार; 64 नामों का ऐलान

- 13 साल बाद झीरम घाटी कांड में आया फैसला, 10 आरोपी दोषी; अब सजा पर टिकी निगाहें

- बिग बॉस 20 के प्रोमो में कौन है ये चेहरा? बादशाह से जुड़े नाम पर मचा सस्पेंस

Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल (1,190)
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई (624)
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी (549)
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार (549)
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर (536)




